28 मई की रैली को लेकर चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन की सिंचाई विभाग शाखा की बैठक का आयोजन
हिसार। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन की सिंचाई विभाग शाखा की बैठक शाखा प्रधान अशोक श्योकंद की अध्यक्षता में सर्कल कार्यालय हिसार में हुई। बैठक का संचालन शाखा सचिव जगसीर खेदड़ ने किया। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर 28 मई को जींद में होने वाली चेतावनी रैली की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के जिला प्रधान रामफल शिकारपुर ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांगें पिछले काफी समय से लंबित हैं, लेकिन प्रदेश सरकार मांगों का समाधान करने की बजाय उदासीनता पूर्ण रवैया अपनाते हुए लगातार अनदेखी कर रही है, जिसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मुख्य मांगों में पुरानी पेंशन स्कीम लागू करना, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार समान काम समान वेतन देना, सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, विभागों में रिक्त पड़े पदों पर स्थाई भर्ती करना आदि मांगें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर 28 मई को जींद में होने वाली रैली में उक्त सभी मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रैली में सभी विभागों के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए शाखा सचिव जगसीर खेदड़ ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलनरत है, लेकिन हरियाणा सरकार की हठधर्मिता अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि 28 मई की जींद रैली में सिंचाई विभाग के सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
बैठक में कैशियर श्रीकांत, वरिष्ठ उप प्रधान ईश्वर सिंह सोढ़ी, उप प्रधान सुरेंद्र भ्याण, सुनील व कुलदीप फौजी, सह सचिव सुनील कंवारी, सलाहकार रमेश शर्मा, प्रेस सचिव वेद प्रकाश आदि पदाधिकारी शामिल हुए।
